
दिल्ली में तेज़ रफ्तार मर्सिडीज ने तीन लोगों को मारी टक्कर, 1 की मौत !
शनिवार रात वसंत कुंज स्थित एंबियंस मॉल के पास एक तेज़ रफ्तार मर्सिडीज कार ने तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुँचने पर एक मर्सिडीज G63 दुर्घटनाग्रस्त मिली, और 23, 35 और 23 वर्ष आयु के तीन लोग, जो एंबियंस मॉल के एक रेस्टोरेंट के कर्मचारी थे, घायल अवस्था में जमीन पर पड़े मिले।
नई दिल्ली, 30 नवंबर 2025 ! शनिवार रात वसंत कुंज स्थित एंबियंस मॉल के पास एक तेज़ रफ्तार मर्सिडीज कार ने तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुँचने पर एक मर्सिडीज G63 दुर्घटनाग्रस्त मिली, और 23, 35 और 23 वर्ष आयु के तीन लोग, जो एंबियंस मॉल के एक रेस्टोरेंट के कर्मचारी थे, घायल अवस्था में जमीन पर पड़े मिले।
सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल जाँच के दौरान, 23 वर्षीय रोहित, जो उत्तराखंड के चमोली का निवासी था, को अस्पताल पहुँचते ही मृत घोषित कर दिया गया। जबकि दो अन्य घायल फिलहाल उपचाराधीन हैं।
पुलिस ने बताया कि कथित मर्सिडीज कार के चालक की पहचान शिवम (29 वर्ष), निवासी करोल बाग, नई दिल्ली के रूप में हुई है, और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय आरोपी चालक अपनी पत्नी और बड़े भाई के साथ कार चला रहा था। प्रारंभिक जाँच में यह सामने आया कि सड़क पर बने एक डाइवर्जन के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते वाहन एक पोल से टकरा गया। उसी स्थान पर तीनों पीड़ित एक ऑटो स्टैंड के पास खड़े थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी शादी में शामिल होकर अपने घर लौट रहा था। पुलिस ने बताया कि यह मर्सिडीज कार अभिषेक नामक व्यक्ति की है, जो आरोपी शिवम का दोस्त है।
पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की जाँच जारी है।
