
बहराइच में नाव पलटने से एक की मौत, 13 लोग घायल !
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के भरतपुर गाँव में बुधवार देर रात एक नाव पलट जाने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और 13 लोग घायल हो गये। जब यह हादसा हुआ, नाव में सवार ग्रामीण बाजार से लौट रहे थे। आठ लोग अभी भी लापता हैं।
बहराइच (उत्तर प्रदेश), 30 अक्टूबर 2025 ! उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के भरतपुर गाँव में बुधवार देर रात कौड़ियाला नदी में एक नाव पलट जाने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और 13 लोग घायल हो गये। जब यह हादसा हुआ, नाव में सवार ग्रामीण बाजार से लौट रहे थे। आठ लोग अभी भी लापता हैं।
बहराइच के पुलिस अधीक्षक आर.एन. सिंह ने बताया, “आज बहराइच जिले के भरतपुर गाँव में ग्रामीण बाजार जाने के लिए नाव से निकले थे। वापसी के दौरान उनकी नाव नदी किनारे एक लकड़ी के लट्ठे से टकरा गयी, जिससे संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गयी। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के समय नाव में कुल 22 ग्रामीण सवार थे जिन में से आठ लापता, तेरह घायल और एक की मृत्यु हो चुकी है।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया और अधिकारियों को राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों को उचित चिकित्सीय उपचार उपलब्ध कराये जाने की समुचित व्यस्था करने के निर्देश दिए और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी बयान में कहा गया, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच जिले के भरतपुर गाँव में हुई नाव हादसे की घटना का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुँच कर राहत कार्यों को तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और एसडीआरएफ टीमों को भी मौके पर पहुँचने और राहत कार्य में तेजी लाने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।”
बचाव कार्य जारी है और लापता ग्रामीणों को सुरक्षित खोजकर वापस लाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
